ओडिया संगीतकार और गायक अभिजीत मजूमदार का रविवार को कार्डिएक अरेस्ट के कारण निधन हो गया। वे भुवनेश्वर के AIIMS अस्पताल में भर्ती थे। तीन दशकों से अधिक समय तक संगीत क्षेत्र में सक्रिय रहे अभिजीत ने 700 से अधिक गानों की रचना की थी। PTI की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार सुबह 7:43 बजे उन्हें कार्डिएक अरेस्ट आया, जिसके बाद डॉक्टरों ने तुरंत CPR शुरू किया, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और उन्हें सुबह 9:02 बजे मृत घोषित कर दिया गया।
54 वर्षीय अभिजीत मजूमदार को पिछले साल 4 सितंबर को हाई ब्लड प्रेशर, थायरॉयड और लिवर की समस्या के कारण AIIMS भुवनेश्वर में भर्ती कराया गया था। लंबे समय तक ICU में इलाज के बाद उन्हें 10 नवंबर को सामान्य वार्ड में स्थानांतरित किया गया था। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, 23 जनवरी को उन्हें अचानक तेज बुखार हुआ, जो बाद में संक्रमण में बदल गया। इलाज के बावजूद उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ और उन्हें सेप्टिक शॉक हो गया।
परिवार के मुताबिक, उनका पार्थिव शरीर कटक ले जाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक सहित कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।
अभिजीत मजूमदार का म्यूजिक करियर
अभिजीत मजूमदार ने अपने संगीत करियर में ओडिया संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उन्होंने 700 से अधिक गानों की रचना की, जो आज भी संगीत प्रेमियों के बीच लोकप्रिय हैं। उनके योगदान ने ओडिया संगीत जगत में एक महत्वपूर्ण स्थान बनाया।











