1 अप्रैल से देश के सभी टोल प्लाजा पूरी तरह कैशलेस हो जाएंगे। नए नियमों के तहत वाहन चालकों को टोल टैक्स भुगतान के लिए केवल फास्टैग (FASTag) या UPI पेमेंट का उपयोग करना होगा। यह जानकारी केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय के सचिव वी. उमाशंकर ने टीवी न्यूज चैनल आज तक को दिए इंटरव्यू में दी। उन्होंने बताया कि टोल प्लाजा पर नकद लेनदेन पूरी तरह बंद करने का निर्णय लिया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य टोल नाकों पर लगने वाली लंबी कतारों को समाप्त कर यात्रियों के सफर को सुगम बनाना है। इस ‘नो-स्टॉप’ सिस्टम का पायलट प्रोजेक्ट फिलहाल देश के 25 टोल प्लाजा पर चल रहा है, हालांकि अभी आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी होना बाकी है। ट्रैफिक जाम और समय की बर्बादी को खत्म करने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय इस डिजिटल बदलाव को अंतिम रूप दे रहा है। वर्तमान में फास्टैग अनिवार्य होने के बावजूद कई स्थानों पर नकद लेनदेन जारी है, जिससे जाम की समस्या बनी रहती है। कैशलेस होने से वाहनों को टोल बूथ पर रुकना नहीं पड़ेगा। सरकार के इस फैसले के तीन मुख्य उद्देश्य हैं: डिजिटल ट्रांजैक्शन को बढ़ावा देना, बैरियर-मुक्त टोलिंग की दिशा में कदम बढ़ाना, और कैश पेमेंट को पूरी तरह बंद करना।
टोल प्लाजा 1 अप्रैल से पूरी तरह कैशलेस होंगे, नकद भुगतान बंद: केवल फास्टैग और UPI से टोल टैक्स वसूला जाएगा; अभी 25 टोल प्लाजा पर ट्रायल शुरू
By worldprime
On: जनवरी 16, 2026 7:00 अपराह्न
---Advertisement---











