नए लेबर कोड के विरोध में देश में 12 फरवरी 2026 को होने वाली देशव्यापी आम हड़ताल में प्रमुख बैंक यूनियनें एआईबीईए (AIBEA), एआईबीओए (AIBOA) और बीईएफआई (BEFI) भी शामिल होंगी। इन यूनियनों से जुड़े करीब 9 लाख बैंक कर्मचारी हड़ताल में शामिल हो सकते हैं। बैंकिंग सेक्टर के कर्मचारी 27 जनवरी को भी हड़ताल कर चुके हैं। आज की अन्य बड़ी खबरें… बच्चों के कामयाब नहीं होने पर दिल्ली में दंपती ने फांसी लगाकर दी जान उत्तर पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर इलाके में दंपती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव अलग-अलग कमरों में फंदे से लटके मिले। मौके से एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें बच्चों के कामयाब न होने की वजह से ऐसा कदम उठाने की बात लिखी थी। पुलिस मामला दर्ज कर परिजन से पूछताछ कर रही है। डीसीपी आशीष मिश्रा ने बताया कि गुरुवार रात 12:05 बजे इस बारे में पीसीआर कॉल मिली। मौके पर पहुंचने पर पुलिस को पति-पत्नी के शव अलग-अलग कमरों में फंदे से लटके मिले। मृतकों की पहचान अजय दीक्षित (50) और उनकी पत्नी रीता कुमारी (48) के रूप में हुई। जांच में पता चला कि अजय सोनिया विहार में मेडिकल स्टोर चलाते थे। उनके दो बेटे भास्कर और शरद हैं। दोनों प्राइवेट कंपनी में काम करते थे। भास्कर जॉब छोड़कर पिता के साथ काम करने लगा था। घटना के दौरान दोनों बेटे घर में नहीं थे और दरवाजा अंदर से बंद था। पड़ोसियों ने बताया कि वे करीब 8 माह से यहां रह रहे थे। बच्चों के कामयाब न होने की वजह से वे तनाव में थे। क्राइम व एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। दिल्ली एयरपोर्ट पर धुंध से उड़ानों की देरी में कमी लाने में इस्तेमाल होगा वाईफेक्स डेटा दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) आईजीआई एयरपोर्ट पर पायलट प्रोजेक्ट के रूप में विंटर फॉग एक्सपेरिमेंट (वाईफेक्स) के डेटा का उपयोग करेगा, ताकि धुंध और कोहरे के कारण उड़ानों में होने वाली देरी और व्यवधानों को कम किया जा सके। DIAL के सीईओ विदेह कुमार जयपुरियार ने कहा, वाईफेक्स 85% से अधिक सटीकता के साथ यह बता सकता है कि धुंध या कोहरा कब शुरू होगा, कितना घना होगा और कब छंटेगा। यह प्रारंभिक जानकारी एयरलाइंस, एयर ट्रैफिक कंट्रोल और ग्राउंड टीमों के बीच सक्रिय योजना और सुचारू समन्वय को सक्षम करेगी, जिससे उड़ानों में देरी कम होगी और यात्रियों के लिए यात्रा अनुभव अधिक भरोसेमंद साबित होगा। इस प्रोजेक्ट में तापमान, आर्द्रता, वायु प्रोफाइल, एरोसोल, प्रदूषण कण, विकिरण, कोहरे की सूक्ष्म भौतिकी और दृश्यता में बदलाव से जुड़ा डेटा अत्याधुनिक उपकरणों जैसे लाइडार, सीलोमीटर, विकिरण सेंसर, एरोसोल काउंटर और रिमोट सेंसिंग टावरों के जरिए एकत्र किया जाता है। कर्नाटक के सरकारी स्कूल में करंट लगने से 11 साल की बच्ची की मौत कर्नाटक के रायचूर में शुक्रवार को एक सरकारी स्कूल में बिजली का झटका लगने से 11 साल की एक लड़की की मौत हो गई। लड़की की पहचान तनुश्री के रूप में हुई है, वह सिंदूर तालुक के कुरुकुंडा गांव के सरकारी लोअर प्राइमरी स्कूल में क्लास 5 की छात्रा थी। पुलिस के मुताबिक, यह घटना दोपहर के खाने के ब्रेक के दौरान हुई, जब छात्रा स्कूल परिसर में पानी पीने गई थी। वह स्कूल में लगे वाटर प्यूरीफिकेशन यूनिट से जुड़े एक लाइव तार के संपर्क में आ गई थी। पुलिस ने बताया कि उसे तुरंत मेडिकल मदद के लिए ले जाया गया, लेकिन उसे मृत घोषित कर दिया गया। इस घटना के बाद निवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया। पश्चिम बंगाल के नए डीजीपी बने पीयूष पांडे, कोलकाता पुलिस के कमिश्नर बने सुप्रतिम सरकार पश्चिम बंगाल में पुलिस के डिपार्टमेंट में गुरुवार को बड़ा बदलाव किया गया। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पीयूष पांडे को राज्य का नया डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (DGP) नियुक्त किया गया है। वहीं, दक्षिण बंगाल के एडीजी रहे सुप्रतिम सरकार को कोलकाता पुलिस का नया आयुक्त बनाया गया है। सूत्रों के मुताबिक वर्तमान डीजीपी राजीव कुमार शुक्रवार को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके रिटायरमेंट के मद्देनज़र यह अहम प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। कानून-व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी अब विनीत गोयल को सौंपी गई है, जिन्हें एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही, राज्य के एडीजी एसटीएफ पद की जिम्मेदारी जावेद शमीम को दी गई है। वहीं, पूर्व कोलकाता पुलिस आयुक्त मनोज वर्मा को डायरेक्टर ऑफ सिक्योरिटी बनाया गया है।
भास्कर अपडेट्स:नए लेबर कोड के विरोध में 9 लाख बैंककर्मी 12 फरवरी को हड़ताल पर रहेंगे
By worldprime
On: जनवरी 31, 2026 1:46 पूर्वाह्न
---Advertisement---











