नवी मुंबई के तलोजा इंडस्ट्रियल एरिया में शनिवार को एक केमिकल फैक्ट्री में आग लग गई। मौके पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौजूद हैं जो आग बुझाने में लगी हैं। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। आग की लपटें इतनी तेज हैं कि धुआं आसपास के इलाकों में फैल गया है। हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। अधिकारी घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच कर रहे हैं ताकि आगे के लिए सुरक्षा नियम कड़े किए जा सके। आज की अन्य बड़ी खबरें… दिल्ली पुलिस ने ऑनलाइन फ्रॉड करने वाले दो लोगों को राजस्थान से गिरफ्तार किया दिल्ली पुलिस ने फास्टैग पेमेंट और अमेजन गिफ्ट कार्ड से ऑर्गनाइज्ड इंटरस्टेट साइबर फ्रॉड सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। मामले में राजस्थान से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कई गाड़ियों से फास्टैग पेमेंट के जरिए पैसे निकाले। इसके बाद फंड को अमेजन गिफ्ट कार्ड में बदल दिया गया, जिससे आरोपी पैसे को ठिकाने लगा सकें और ट्रांजैक्शन को ट्रैक करना मुश्किल हो जाए। यह मामला तब सामने आया जब दिल्ली के एक निवासी से 1 लाख रुपए से ज्यादा की ठगी की गई। वॉट्सएप के जरिए मिली एक मैलिशियस APK फाइल डाउनलोड करने के बाद उसका मोबाइल फोन हैक हो गया। एक बार इंस्टॉल होने के बाद, मैलवेयर ने धोखेबाजों को संवेदनशील बैंकिंग डिटेल्स तक एक्सेस दे दिया, जिससे बिना इजाजत के पैसे निकाले गए। छापेमारी में 70 मोबाइल फोन, 10 लैपटॉप, 23 सिम कार्ड, 37 एटीएम कार्ड, 10 बैंक पासबुक, कई फास्टैग और एक POS मशीन बरामद की गई। श्रीनगर के डलगेट में गेस्ट हाउस में आग लगी; कोई घायल नहीं श्रीनगर के डलगेट इलाके में शनिवार सुबह एक गेस्ट हाउस में आग लग गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमरजेंसी सर्विस के पहुंचने से पहले आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और होज और दूसरे सामान से आग बुझाने की कोशिश की। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चला है। किसी के घायल होने की खबर नहीं है। दिल्ली में कैफे के अंदर युवक की गोली मारकर हत्या, एक सिर में, दो सीने में लगीं दिल्ली के मौजपुर इलाके में शुक्रवार रात एक कैफे के अंदर हुई फायरिंग में 24 साल के युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान फैजान उर्फ फज्जी (24) के रूप में हुई है, जो वेलकम इलाके का रहने वाला था। पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना रात 11:28 बजे वेलकम थाना पुलिस को मिली। पुलिस ने BNS की धारा 103(1) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें बनाई गई हैं। मृतक के भाई सलमान ने आरोप लगाया कि फैजान को तीन गोलियां मारी गईं। उनके अनुसार, एक गोली सिर में लगी और आर-पार निकल गई, जबकि दो गोलियां सीने में लगी थीं। उन्होंने यह भी दावा किया कि फैजान के हाथों पर कट के निशान थे, जिससे लगता है कि उसने हमलावरों का विरोध किया। परिवार का कहना है कि फैजान ने कुछ समय पहले कर्ज लिया था। रकम न चुका पाने को लेकर एक पिता और बेटे से विवाद चल रहा था। इस मामले में भजनपुरा थाने में पहले भी शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कर्नाटक के बेल्लारी में BJP विधायक के मॉडल हाउस में आग, 3 करोड़ में बना था कर्नाटक के बेल्लारी में BJP विधायक जी. जनार्दन रेड्डी के मॉडल हाउस में आग लगने की घटना सामने आई है। यह घटना सोमवार शाम G स्क्वेयर लेआउट में हुई। आग से मॉडल हाउस को भारी नुकसान पहुंचा है। BJP विधायक जी. जनार्दन रेड्डी के भाई और पूर्व विधायक सोमशेखर रेड्डी ने आरोप लगाया है कि यह आग कांग्रेस विधायक नारा भारत रेड्डी के समर्थकों ने जानबूझकर लगाई। उनका दावा है कि हमलावरों ने मॉडल हाउस पर पेट्रोल और डीजल डालकर आग लगाई। सोमशेखर रेड्डी ने कहा कि यह मॉडल हाउस हमारी मां के नाम पर बनाया गया था। भारत रेड्डी के समर्थकों ने पेट्रोल और डीजल डालकर इसमें आग लगा दी। पूरी इमारत जल गई है। इस संपत्ति की कीमत करीब 2 से 3 करोड़ रुपए है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। BJP कार्यकर्ताओं ने बेल्लारी के रॉयल सर्कल इलाके में प्रदर्शन किया और आगजनी के आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
भास्कर अपडेट्स:नवी मुंबई में केमिकल फैक्ट्री में आग लगी, कोई जनहानि नहीं
By worldprime
On: जनवरी 24, 2026 2:50 पूर्वाह्न
---Advertisement---











