सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X की सेवा दुनियाभर में ठप हो गई है। डाउनडिटेक्टर की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार शाम को भारत, अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा समेत कई देशों में यूजर्स को एप और डेस्कटॉप दोनों वर्जन में एक्सेस करने में दिक्कतें आ रही हैं। भारतीय समयानुसार रात करीब 8 बजे, अमेरिका में 27,015 से अधिक यूजर्स ने सेवा में रुकावट की शिकायत दर्ज कराई। यह संख्या केवल उन लोगों की है जिन्होंने आधिकारिक आउटेज वेबसाइट पर रिपोर्ट की, जबकि वास्तविक प्रभावित यूजर्स की संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है।
डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, दुनियाभर में 59% यूजर्स को पोस्ट देखने में समस्या हो रही है, 25% को वेबसाइट उपयोग में परेशानी और लगभग 16% को वेब कनेक्शन में दिक्कतें आ रही हैं। भारत में भी स्थिति समान है, जहां रात 8 बजे तक 2,054 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 60% यूजर्स पोस्ट नहीं देख पा रहे हैं, 32% को वेबसाइट इस्तेमाल करने में समस्या हो रही है और लगभग 8% को वेब कनेक्शन की दिक्कतें हो रही हैं। भारतीय यूजर्स को भी टाइमलाइन लोडिंग और अन्य एक्सेस संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।











