बिलासपुर: चकरभाठा थाना क्षेत्र में ऑटो रिक्शा में रखा बैग महिला के लिए बड़ी मुसीबत बन गया। बैग से लाखों रुपये के सोने के जेवर गायब होने के बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। ग्राम बुंदेला निवासी भगवती कौशिक ने बताया कि 15 जुलाई को वह अपनी बहन और बुआ के साथ ऑटो से अमेरी जा रही थीं। रास्ते में चकरभाठा स्थित एक ज्वेलरी दुकान के पास ऑटो चालक के कहने पर उन्होंने बैग वाहन में ही छोड़ दिया और खरीदारी करने चली गईं। लौटने के बाद वे उसी ऑटो से घर पहुंचीं, लेकिन अगले दिन बैग की जांच करने पर उसमें रखा करीब 15 ग्राम सोने का मंगलसूत्र, ईयर रिंग और चोकर माला गायब मिला।
पीड़िता का आरोप है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में ऑटो चालक बैग से जेवर निकालते हुए दिखाई दे रहा है। पूछताछ करने पर चालक ने पहले टालमटोल की और बाद में गहने लौटाने का भरोसा दिया। शिकायत के अनुसार, उसने सरपंच प्रतिनिधि के सामने भी जेवर वापस करने या उसकी कीमत चुकाने की बात कही, लेकिन बाद में बैंक से पैसे लाने का बहाना बनाकर मौके से फरार हो गया। चकरभाठा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
The post ऑटो रिक्शा में छूटा बैग, लाखों के सोने के जेवर लेकर फरार हुआ चालक! appeared first on News Today Chhattisgarh.