संजय लीला भंसाली की आगामी फिल्म ‘लव एंड वॉर’ इस साल रिलीज़ होने वाली थी, लेकिन हाल ही में ऐसी खबरें आईं कि शूटिंग में देरी के कारण इसे पोस्टपोन कर 2027 में रिलीज़ किया जाएगा। हालांकि, फिल्म की टीम ने इन अफवाहों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है और पुष्टि की है कि फिल्म इसी साल रिलीज़ होगी। ‘लव एंड वॉर’ से जुड़े एक करीबी सूत्र ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि फिल्म के पोस्टपोन होने के दावे निराधार हैं। सूत्र के अनुसार, “संजय लीला भंसाली ने हाल ही में फिल्म का एक गाना शूट किया है और अधिकांश महत्वपूर्ण सीन पहले ही पूरे हो चुके हैं। फिल्म 2026 में रिलीज़ होगी।”
पोस्टपोन होने की खबरें कैसे उड़ीं? पिंकविला की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि ‘लव एंड वॉर’ की शूटिंग अभी पूरी नहीं हुई है और फिल्ममेकर्स को जून के बाद भी जरूरी सीन शूट करने हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि फिल्म को बड़े पैमाने पर बनाने के लिए एरियल एक्शन सीन और वीएफएक्स वर्क जोड़ने के कारण इसे पोस्टपोन किया जा रहा है। इसके अलावा, यह भी बताया गया था कि रणबीर कपूर की मेगा बजट फिल्म ‘रामायण: पार्ट-1’ नवंबर 2026 में रिलीज़ होने वाली है, इसलिए मेकर्स चाहते हैं कि दोनों फिल्मों की रिलीज़ डेट अलग-अलग हो ताकि दोनों फिल्मों को बेहतर प्रतिक्रिया मिल सके।











