CG Cabinet Meeting: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में आबकारी नीति, शिक्षा, स्टार्ट-अप, आईटी सेक्टर और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।. मंत्रिपरिषद ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए छत्तीसगढ़ आबकारी नीति के प्रस्ताव का अनुमोदन किया है। इसके साथ ही नीति से संबंधित सभी अनुषांगिक कार्यवाहियों के लिए आबकारी विभाग को अधिकृत किया गया है।. बैठक में नवा रायपुर अटल नगर में उच्च कोटि के शैक्षणिक संस्थान की स्थापना को लेकर बड़ा निर्णय लिया गया। मंत्रिपरिषद ने श्री विले पारले कलावनी मंडल (SVKM) को उनके नरसी मोंजी प्रबंधन अध्ययन संस्थान की स्थापना के लिए सेक्टर-18 में चिन्हांकित लगभग 40 एकड़ भूमि 90 वर्षों की लीज पर एकमुश्त आवंटित करने की स्वीकृति दी है। SVKM वर्ष 1934 से शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत एक प्रतिष्ठित संस्था है और वर्तमान में देशभर में 30 शैक्षणिक संस्थान संचालित कर रही है। वर्ष 2025 की एनआईआरएफ यूनिवर्सिटी रैंकिंग में संस्था को 52वां स्थान प्राप्त हुआ है।. इसके अलावा मंत्रिपरिषद ने नवा रायपुर अटल नगर में चार नए उद्यमिता केंद्रों की स्थापना के लिए सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) के साथ एमओयू करने का निर्णय लिया है। यह एमओयू राज्य में आईटी, आईटीईएस और तकनीकी स्टार्ट-अप इकोसिस्टम को बढ़ावा देगा। STPI के सहयोग से एआई, मेडटेक, स्मार्ट सिटी और स्मार्ट एग्री जैसे क्षेत्रों में अगले तीन से पांच वर्षों में 133 स्टार्ट-अप्स को प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एवं विकास (ESDD) केंद्र की स्थापना की जाएगी, जो हर साल 30 से 40 हार्डवेयर स्टार्ट-अप और एमएसएमई को तकनीकी सहयोग प्रदान करेगा।. स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए मंत्रिपरिषद ने राज्य के सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है। जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में लैब के प्रभावी संचालन, संसाधनों के सुदृढ़ीकरण और जांच की संख्या बढ़ाने के लिए आवश्यक फैसले लिए गए हैं।
CG Cabinet Meeting Highlights: CM साय की अध्यक्षता में लिए गए 4 महत्वपूर्ण फैसले
By worldprime
On: जनवरी 21, 2026 6:34 अपराह्न
---Advertisement---











