CG Electricity Bill: छत्तीसगढ़ के बिजली उपभोक्ताओं को अब हर महीने उनका बिजली बिल सीधे व्हाट्सएप पर मिलेगा। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) ने उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह नई डिजिटल सेवा शुरू की है। इसके तहत बिजली बिल PDF फॉर्मेट में भेजा जाएगा, जिसे उपभोक्ता डाउनलोड कर सुरक्षित रख सकेंगे और जरूरत पड़ने पर प्रिंट भी निकाल सकेंगे। (छत्तीसगढ़ में व्हाट्सएप पर बिजली बिल)
व्हाट्सएप पर भेजे जाने वाले बिल (Chhattisgarh WhatsApp electricity bill) में एक क्लिक पर ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध होगी, जिससे उपभोक्ताओं को बिजली बिल जमा करने में आसानी होगी और समय की भी बचत होगी।

30 लाख व्हाट्सएप उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ
प्रदेश में कुल 65 लाख बिजली उपभोक्ता हैं, जिनमें से करीब 40 लाख के मोबाइल नंबर कंपनी में रजिस्टर्ड हैं। इनमें लगभग 30 लाख उपभोक्ता व्हाट्सएप का इस्तेमाल करते हैं। कंपनी इन उपभोक्ताओं तक चरणबद्ध तरीके से व्हाट्सएप के माध्यम से बिजली बिल भेजेगी।

ब्लू टिक वाली ऑफिशियल आईडी से आएगा मैसेज
बिजली बिल का व्हाट्सएप (Chhattisgarh WhatsApp Bijli bill) संदेश छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड की आधिकारिक और वेरीफाइड ब्लू टिक आईडी से भेजा जाएगा। मैसेज में आधिकारिक मोबाइल नंबर 942555-1912 भी दर्ज होगा, जिससे उपभोक्ता किसी भी प्रकार के फर्जी या फ्रॉड मैसेज से सतर्क रह सकें।

मीटर रीडिंग के बाद तुरंत मिलेगा बिल
कंपनी के अनुसार, जैसे ही मीटर रीडिंग दर्ज की जाएगी, उसी समय उपभोक्ता को व्हाट्सएप पर पूरा डिटेल बिजली बिल पीडीएफ फॉर्मेट में मिल जाएगा। यह सुविधा हिंदी, छत्तीसगढ़ी और अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध होगी, जिसके लिए उपभोक्ता मोर बिजली एप (Mor Bijli App) में अपनी भाषा प्राथमिकता चुन सकते हैं।

ऐसे कराएं व्हाट्सएप नंबर रजिस्टर्ड
जिन उपभोक्ताओं का व्हाट्सएप नंबर रजिस्टर्ड नहीं है, वे टोल फ्री नंबर 1912 पर कॉल कर या मोर बिजली एप के जरिए अपना नंबर दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए 10 अंकों का बीपी नंबर और अंतिम बिजली बिल भुगतान की जानकारी देनी होगी। कंपनी के प्रबंध निदेशक भीमसिंह कंवर ने उपभोक्ताओं से इस डिजिटल सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।





