Raigarh Mobile Chori: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक मोबाइल शॉप से 16 आईफोन चोरी होने का मामला सामने आया है। चोर मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर दुकान में घुसा और आईफोन के साथ 30 हजार रुपए नकद समेत करीब 13.39 लाख रुपए की चोरी कर फरार हो गया। पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।. जानकारी के अनुसार, शहर के गोपी टॉकीज रोड स्थित सेल स्पॉट मोबाइल दुकान का संचालन लक्ष्मीपुर निवासी मोहम्मद फारुख करता है। सोमवार रात दुकान बंद कर संचालक और स्टाफ घर चले गए थे। मंगलवार सुबह जब संचालक दुकान खोलने पहुंचा तो शोकेस काउंटर में रखे मोबाइल अस्त-व्यस्त मिले।. जांच करने पर पता चला कि चोर दूसरी मंजिल के दरवाजे का ताला तोड़कर दुकान में घुसा था। इसके बाद वह ग्राउंड फ्लोर में पहुंचा और वहां से 16 आईफोन और दराज में रखे 30 हजार रुपए लेकर फरार हो गया।. CCTV फुटेज में आरोपी मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर दुकान में घूमते और मोबाइल बैग में भरते हुए दिखाई दे रहा है। फुटेज में वह पिट्ठू बैग में मोबाइल रखकर दुकान से बाहर निकलते हुए नजर आ रहा है। चोरी की पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।. पुलिस अधिकारियों के अनुसार CCTV में दिख रहे संदिग्ध की तस्वीरें जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारियों और आसपास के जिलों में भेज दी गई हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को आरोपी के बारे में जानकारी मिले तो तुरंत सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
Raigarh Mobile Chori: फ्लैश लाइट जलाकर मोबाइल शॉप में घुसा चोर, 16 iPhone समेत 13.39 लाख की चोरी, CCTV में कैद वारदात
By worldprime
On: मार्च 12, 2026 7:01 पूर्वाह्न
---Advertisement---





