Janjgir Champa Suicide: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक युवक की आत्महत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। युवक ने फांसी लगाने से पहले एक वीडियो बनाया था, जिसमें उसने पुलिस की धमकी और गाली-गलौज से परेशान होने की बात कही थी। हालांकि पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि उसे असली पुलिस नहीं, बल्कि एक व्यक्ति ने पुलिस बनकर धमकाया था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। (जांजगीर चांपा पुलिस की धमकी से युवक ने दी जान)

फांसी से पहले बनाया वीडियो (Korba youth suicide)
मृतक सनत कश्यप (25) ने आत्महत्या से पहले बनाए वीडियो में कहा था कि उसे घरवालों से कोई परेशानी नहीं है। उसने बताया कि जब उसने कुछ गलत नहीं किया, तब भी जांजगीर-चांपा जिले के पंतोरा थाने की पुलिस के नाम पर उसे फोन कर गालियां दी गईं और थाने बुलाया गया। युवक ने वीडियो में कहा था कि वह काफी तनाव में है और उसके रूम पार्टनर धीरेंद्र को भगाने में उसका कोई हाथ नहीं है। (जांजगीर चांपा पुलिस की धमकी से युवक ने की आत्महत्या)

रूम पार्टनर लड़की के साथ भागा था
जानकारी के मुताबिक सनत कश्यप जांजगीर-चांपा जिले के चोरभट्टी गांव का रहने वाला था। वह कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के पताड़ी के पास स्थित अशोक लीलैंड कंपनी के वर्कशॉप में मैकेनिक के रूप में काम करता था। कंपनी की ओर से उसे रहने के लिए कमरा दिया गया था, जहां वह अपने रूम पार्टनर धीरेंद्र पाटले के साथ रहता था।
बताया जा रहा है कि धीरेंद्र पाटले शुक्रवार को गेवरा में रहने वाली एक युवती के साथ चला गया था। इस मामले में युवती के परिजनों ने पंतोरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी और पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी।

युवती के भाई ने पुलिस बनकर दी धमकी
जांच में सामने आया कि युवती के भाई सचिन खरे (30) निवासी गेवरा बस्ती ने धीरेंद्र के दोस्त सनत कश्यप को फोन किया। उसने धीरेंद्र के भाई शैलेन्द्र पाटले के मोबाइल नंबर से कॉल कर खुद को पंतोरा चौकी का पुलिसकर्मी बताया और सनत को थाने आने के लिए डांटते हुए धमकाया।
फोन के बाद सनत काफी डर गया और मानसिक तनाव में आ गया। इसके बाद उसने एक वीडियो बनाकर अपनी बात कही और बाद में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

आरोपी गिरफ्तार
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी सचिन खरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इस मामले में बलौदा थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 204 (छद्म प्रतिरूपण) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। वहीं आरोपी की बहन की गुमशुदगी की रिपोर्ट कुसमुंडा थाना में दर्ज है।
चार भाइयों में सबसे छोटा था सनत (Sanat Kashyap suicide Janjgir)
बताया जा रहा है कि सनत कश्यप अपने परिवार में चार भाइयों में सबसे छोटा था। घटना की खबर मिलते ही उसके परिजन कोरबा पहुंच गए, जिसके बाद घर में मातम छा गया।





