Balodabazar Suicide: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक युवक ने बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव घर के बाथरूम में रोशनदान से रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मामला पलारी थाना क्षेत्र का है।
बाथरूम में लटका मिला शव
मृतक की पहचान गजाधर वर्मा (32) के रूप में हुई है, जो वार्ड नंबर 4 रानीसागर बियारा गली में अपने परिवार के साथ रहता था। घटना के समय उसके पिता कुमार वर्मा घर में सो रहे थे। जब उनकी नींद खुली तो उन्होंने देखा कि बाथरूम की लाइट जल रही थी और दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाकर देखा तो गजाधर का शव रोशनदान में रस्सी से लटका हुआ था।

बीमारी से था परेशान
परिजनों के मुताबिक, गजाधर पिछले दो सालों से लीवर संबंधी बीमारी से जूझ रहा था। बीमारी के कारण वह काम पर भी नहीं जा पा रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पलारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




