Mahasamund Ganja Taskari: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। ट्रक से करीब 3 क्विंटल 12 किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत 1 करोड़ 56 लाख 34 हजार 500 रुपए आंकी गई है। इस मामले में अब तक कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
यह कार्रवाई सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते महाराष्ट्र के मुंबई शहर में बड़ी मात्रा में गांजा सप्लाई किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ओडिशा-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
ट्रक की तलाशी में मिला गांजा
जांच के दौरान ट्रक क्रमांक KA 13 D 7710 को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में 9 बोरियों में छिपाकर रखा गया 3 क्विंटल 12 किलो गांजा बरामद हुआ। ट्रक में सवार दो आरोपी इम्तियाज खान (कर्नाटक) और रवि प्रकाश राउतकर (मध्यप्रदेश) को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि गांजा ओडिशा के सोनपुर जिले से लोड किया गया था और इसे मुंबई में खपाने ले जाया जा रहा था।
सप्लायर समेत 3 और गिरफ्तार
मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने ओडिशा के बरहमपुर से तीन और आरोपियों- जियाउल हक (सप्लायर), सुखविंदर उर्फ बुलबुल (ट्रांसपोर्टर) और नदीम अंसारी को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी(2)(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
5 दिन में 3 करोड़ का गांजा जब्त
बताया जा रहा है कि महासमुंद पुलिस ने पिछले 5 दिनों में अलग-अलग कार्रवाइयों में करीब 3 करोड़ रुपए से अधिक का गांजा जब्त किया है, जिससे तस्करी नेटवर्क पर बड़ी चोट पहुंची है।
बरामद सामान
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 312.590 किलोग्राम गांजा, एक ट्रक (कीमत लगभग 15 लाख रुपए), एक टोयोटा अर्बन क्रूजर कार और 2 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 1.71 करोड़ रुपए आंकी गई है। इस कार्रवाई से ओडिशा से महाराष्ट्र तक फैले अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।






