Raipur Murder: राजधानी रायपुर में सोमवार देर रात एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें 16 वर्षीय नाबालिग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पंचशील नगर स्थित जोगी मोहल्ला इलाके की है। मामले में पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
नाबालिग की चाकू मारकर हत्या
मृतक की पहचान जोगी मोहल्ला निवासी कुश बाघ के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच कुछ युवकों ने दो नाबालिगों पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में कुश बाघ को गंभीर चोटें आईं और अधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसका एक साथी घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
स्थानीय लोगों ने घेरा थाना
घटना के बाद मंगलवार सुबह आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सिविल लाइन थाने का घेराव कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर उन्हें जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में चार संदिग्धों की भूमिका सामने आई है, जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।


