Dhamtari Drone Farming: कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने की दिशा में छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले ने नई मिसाल कायम की है। जिले की 10 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (PACS) में ड्रोन स्प्रेयर सुविधा शुरू की गई है। इसके साथ ही धमतरी देश का पहला जिला बन गया है, जहां सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को ड्रोन आधारित कृषि सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
https://www.instagram.com/reel/DZHateaiNMz/?igsh=MTZ0NHJ2YTVuN2wxMg==![]()
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में समिति लोहरसी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इस महत्वाकांक्षी पहल का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में किसानों की मौजूदगी में सभी 10 समितियों के प्रशिक्षित ड्रोन पायलटों ने ड्रोन स्प्रेयर का प्रदर्शन किया। इस दौरान उर्वरक और कीटनाशकों के सटीक छिड़काव, समय की बचत, कम लागत और बेहतर कृषि प्रबंधन की विशेषताओं को प्रदर्शित किया गया।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों तक आधुनिक तकनीक पहुंचाने का यह अभिनव प्रयास है। ड्रोन तकनीक कृषि क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव ला सकती है। इससे किसानों को कम लागत में अधिक दक्षता के साथ खेती करने में मदद मिलेगी और उनकी उत्पादकता बढ़ेगी।
CSC e-Governance के सहयोग से PACS समितियों को कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के रूप में भी विकसित किया जा रहा है। इससे किसानों को ड्रोन सेवाओं के साथ-साथ विभिन्न डिजिटल और शासकीय सेवाओं का लाभ भी एक ही स्थान पर मिलेगा। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में तकनीकी सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में मददगार साबित होगी।
इन समितियों में उपलब्ध होगी ड्रोन सुविधा
जिले की बोड़रा, लोहरसी, दोनर, अछोटा, खरेंगा, भोथीडीह, कुंदेल, गड़ाडीह, जुगदेही और करेली समितियों को ड्रोन स्प्रेयर सुविधा से जोड़ा गया है। इन समितियों के माध्यम से किसानों को आवश्यकता अनुसार ड्रोन सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
समय और लागत दोनों में होगी बचत
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार ड्रोन तकनीक के इस्तेमाल से कम समय में बड़े क्षेत्र में छिड़काव संभव होगा। रसायनों का संतुलित उपयोग सुनिश्चित होगा, जिससे किसानों की लागत और श्रम दोनों कम होंगे। साथ ही खेतों में सीधे प्रवेश की आवश्यकता कम होने से फसलों को नुकसान पहुंचने की संभावना भी घटेगी। यह पहल कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने के साथ युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर भी तैयार करेगी।

