CG News: दुर्ग जिले के भिलाई स्थित सुपेला थाना क्षेत्र में मारपीट का एक मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड के पूर्व परिचित युवक को बातचीत करने के शक में मिलने बुलाया और फिर अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी तथा उसके चचेरे भाई की पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत पांच नाबालिगों को हिरासत में लिया है।![]()
पुराने परिचय को लेकर हुआ विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि विवाद एक छात्रा से पुराने परिचय और उससे बातचीत को लेकर हुआ। शिकायतकर्ता युवक ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उसकी छात्रा से दोस्ती थी और दोनों के बीच बातचीत होती थी। हालांकि बाद में उसने छात्रा से संपर्क करना बंद कर दिया था।
फोन कर मिलने के लिए बनाया दबाव
पीड़ित युवक के अनुसार, 5 जून को उसे पंकज विश्वकर्मा नामक युवक का फोन आया, जिसने खुद को छात्रा का बॉयफ्रेंड बताया। उसने मिलने के लिए कहा, लेकिन युवक ने मना कर दिया। इसके बाद अगले दिन फिर फोन कर उस पर मिलने का दबाव बनाया गया।
कैफे में बुलाकर की गई मारपीट
शिकायतकर्ता के मुताबिक 6 जून की रात करीब 9:30 बजे वह अपने चचेरे भाई के साथ नेहरू नगर स्थित एक कैफे पहुंचा। वहां पहले से मौजूद आरोपी और उसके साथियों ने बातचीत शुरू की। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने दोनों युवकों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई
मारपीट की पूरी घटना का किसी ने वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और मुख्य आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में शामिल पांच नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है।


