उत्तर प्रदेश. उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में स्थित एक एनिमेशन कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगने की खबर सामने आई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक कई छात्र अंदर फंस गए थे, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और फायर ब्रिगेड की टीमें राहत-बचाव में जुट गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगते ही बिल्डिंग से धुएं का घना गुबार उठने लगा। जान बचाने के लिए कुछ छात्रों ने ऊंचाई से छलांग भी लगाई, जिससे कई लोग घायल हो गए।
घटना को लेकर सोशल मीडिया पर 15 लोगों की मौत और कई छात्रों के घायल होने के दावे किए जा रहे हैं। हालांकि राहत-बचाव अभियान जारी है और अंतिम आधिकारिक आंकड़ों का इंतजार किया जा रहा है।
हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। आग लगने की वजह शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।