CG AC Blast: रायगढ़ जिले के अंबेडकर आवास ITI कॉलोनी में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में लगे विंडो एसी का कंप्रेसर फटने के बाद भीषण आग लग गई। कमरे में धुआं भर जाने से पिता की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में घर के बाहर खड़ी दो मोटरसाइकिलें भी जलकर राख हो गईं। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है।
जन्मदिन की रात हादसा
जानकारी के अनुसार, पुरषोत्तम पटेल (45) अपने बेटे आर्यन पटेल (19) के साथ रहते थे। बुधवार को आर्यन का 19वां जन्मदिन था। रात में दोनों खाना खाकर सो गए थे। तड़के करीब 3 बजे अचानक विंडो एसी का कंप्रेसर तेज धमाके के साथ फट गया।
धमाके के बाद आग की चिंगारियां घर के बाहर खड़ी दो मोटरसाइकिलों तक पहुंच गईं, जिससे उनमें भी आग लग गई। घर के मुख्य दरवाजे के पास आग और धुआं फैल जाने के कारण पिता और बेटा बाहर नहीं निकल सके।
धमाके की आवाज सुनकर जुटे लोग
तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले। उन्होंने देखा कि घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलें जल रही हैं। इसके बाद तत्काल डायल-112 को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर घर का दरवाजा तोड़ा और दोनों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
पिता की मौत, बेटे का इलाज जारी
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने पुरषोत्तम पटेल को मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि उनकी मौत दम घुटने के कारण हुई। वहीं गंभीर रूप से घायल आर्यन पटेल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद चक्रधर नगर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राकेश मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में विंडो एसी के कंप्रेसर में विस्फोट होने की बात सामने आई है। कमरे का आकार छोटा होने के कारण धुआं तेजी से भर गया, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।



