CG Murder: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बर्थडे पार्टी के दौरान हुए विवाद में एक ट्रांसपोर्टर की मौत हो गई। आरोप है कि नशे में हुए झगड़े के बाद एक युवक ने कैंपर वाहन से दूसरे ट्रांसपोर्टर को कुचल दिया। घटना के बाद आरोपी वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। मामला उरगा थाना क्षेत्र के मीरा रिसोर्ट का है।![]()
मृतक की पहचान दीपका के गरुणनगर निवासी 35 वर्षीय उज्जवल सिंह के रूप में हुई है। वह विवाहित था और उसके बच्चे भी हैं। वहीं आरोपी की पहचान 24 वर्षीय तुषार ढांढा के रूप में हुई है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
बर्थडे पार्टी में जुटे थे 20 से 25 लोग
जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात दीपका क्षेत्र के ट्रांसपोर्टर विकास कुमार हुडा का जन्मदिन मनाने के लिए 20 से 25 लोग मीरा रिसोर्ट पहुंचे थे। पार्टी में शामिल अधिकांश युवक कोयला परिवहन के व्यवसाय से जुड़े हुए थे। देर रात तक पार्टी चलती रही।
नशे में मारपीट
रात करीब 1:30 बजे किसी बात को लेकर पार्टी में मौजूद युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि तुषार ढांढा शराब के नशे में रिसोर्ट का सामान तोड़ने लगा और वहां मौजूद लोगों से भी विवाद करने लगा। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।
कैंपर वाहन से कुचला
पुलिस के अनुसार विवाद के दौरान तुषार ढांढा ने कैंपर वाहन उज्जवल सिंह की ओर बढ़ा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी वाहन लेकर फरार हो गया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पार्टी में शामिल लोगों से पूछताछ की जा रही है और उनके बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। साथ ही रिसोर्ट के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।

