CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई, जबकि मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
लो प्रेशर सिस्टम का असर
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण झारखंड और उससे लगे उत्तरी ओडिशा के अंदरूनी क्षेत्रों में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश में लगातार बारिश हो रही है। यह सिस्टम अगले 24 घंटे के दौरान उत्तरी ओडिशा से होते हुए उत्तरी छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा, जिससे कई इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना है।
कल से कम हो सकती है बारिश
मौसम विभाग का अनुमान है कि 8 जुलाई से प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियों और उसकी तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आने लगेगी। हालांकि कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
प्रदेश में 1 जून से 6 जुलाई तक 213 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य औसत वर्षा 258.3 मिलीमीटर होती है। इस तरह अब तक प्रदेश में सामान्य से 18 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। इसके बावजूद राज्य को अभी सामान्य वर्षा की श्रेणी में रखा गया है।
रायपुर में छाए रहेंगे बादल
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चल सकती है। शहर का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
सोमवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रारोड में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया।



