Balodabazar News: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में 12वीं के छात्रों की फेयरवेल पार्टी विवादों में आ गई, छात्र कार और बाइक से खतरनाक स्टंट करते हुए स्कूल पहुंचे। स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।. मामला कसडोल थाना क्षेत्र का है। कटगी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 31 जनवरी-1 फरवरी को वार्षिक समारोह और 12वीं की विदाई पार्टी आयोजित थी। इसी दौरान 26 छात्र कार और बाइकों के काफिले में स्टंट करते हुए स्कूल परिसर में दाखिल हुए। वायरल वीडियो में छात्र कार की खिड़कियों से आधे लटकते, फोटोग्राफी करते और हरियाणवी गाने पर रील बनाते नजर आए।. वीडियो सामने आते ही पुलिस ने छात्रों की पहचान कर सभी को उनके अभिभावकों सहित थाने बुलाया। जांच में सामने आया कि अधिकांश छात्र नाबालिग थे। पुलिस की सख्त फटकार के बाद छात्रों ने माफी मांगी। वाहन मालिक पैरेंट्स के खिलाफ FIR दर्ज की गई, जबकि कार चला रहे 10 बालिग छात्रों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।. ड्रॉप आउट छात्र भी शामिल. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि स्टंट करने वालों में स्कूल से ड्रॉप आउट छात्र भी शामिल थे। कसडोल पुलिस ने इस मामले में दो कार और दो बाइक जब्त की हैं। 10 छात्रों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रतिबंधात्मक आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है।. लड़कियों की तलाश जारी. इसी तरह जिले के एक अन्य स्कूल का भी स्टंट वीडियो सामने आया है, जिसमें 13 गाड़ियों के काफिले में 30 से अधिक छात्र-छात्राएं नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में दिख रही लड़कियों की पहचान और तलाश पुलिस कर रही है।. कसडोल एसडीओपी केके वासनिक ने बताया कि नाबालिगों द्वारा नियमों का उल्लंघन कर वाहन चलाया जा रहा था, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। युवाओं द्वारा रोकने पर दुर्व्यवहार भी किया गया, जिस पर अलग से कार्रवाई की गई है। इस पूरे मामले में चार अलग-अलग FIR दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।
Balodabazar News: स्कूल फेयरवेल में कार-बाइक से स्टंट कर एंट्री का VIDEO वायरल, 26 छात्र थाने पहुंचे; पैरेंट्स पर FIR, लड़कियों की तलाश जारी
By worldprime
On: फ़रवरी 5, 2026 8:41 पूर्वाह्न
---Advertisement---











