Balodabazar Suicide: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने की धमकी देकर युवती को ब्लैकमेल करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक को उत्तर प्रदेश के कानपुर से गिरफ्तार कर लिया है। मामला पलारी थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी गुलशन कश्यप युवती को फोन कर लगातार डराता-धमकाता था। वह उसकी निजी तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल करने और बदनाम करने की धमकी देकर पैसों की मांग कर रहा था। लोक-लाज के डर से युवती ने आरोपी को 60 हजार रुपये भी भेजे, लेकिन इसके बाद भी आरोपी ने उसे प्रताड़ित करना बंद नहीं किया।

लगातार दबाव बनाकर करता रहा वसूली
जांच में सामने आया कि आरोपी बार-बार फोन कर युवती पर और पैसे देने का दबाव बना रहा था। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे कानपुर जिले के ग्राम दहेली से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

जहर खाकर की थी आत्महत्या
आरोपी की लगातार धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने 17 अप्रैल को चूहे मारने की दवा खा ली थी। गंभीर हालत में उसे रायपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 22 अप्रैल 2025 को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामला दर्ज, आरोपी जेल भेजा गया
पुलिस ने मर्ग जांच और साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।





