Bilaspur Accident: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में तेज रफ्तार ने एक बार फिर लोगों की जान ले ली। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में कुल 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मस्तूरी में स्टेट बैंक के पास सड़क हादसे में माँ और उसकी तीन माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि पति को कोई चोट नहीं आया है। (बिलासपुर में ट्रक ने मां-बेटी को रौंदा)

ट्रक ने मां-बेटी को रौंदा
पहली घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र की है। स्टेट बैंक के पास तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक CG 08 W 1435 ने लापरवाही पूर्वक चलाते हुए बाइक सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार शिवरात्रि बाई यादव (27 वर्ष) और उनकी तीन माह की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति को कोई चोट नहीं आया है।
सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

तालाब में गिरा ट्रैक्टर, चालक की मौत, 2 घायल
दूसरी घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र की है। यहां बीती रात एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क से उतरते हुए तालाब में जा गिरा। हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रॉली में सवार दो श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम लोहर्सी निवासी मंसाराम तिवारी उर्फ चौटाला ट्रैक्टर चालक था। वह ईंट खाली कर रात करीब 8:30 बजे अपने गांव लौट रहा था, तभी चिल्हाटी स्थित दर्री तालाब के पास ट्रैक्टर असंतुलित होकर तालाब में गिर गया। ट्रैक्टर पलटने से चालक इंजन के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घायल बाबूलाल गोंड और विनय कुमार गोंड को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल, दोनों ही मामलों की जांच की जा रही है।











