CG Board Result: छत्तीसगढ़ बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन के दौरान इस बार शिक्षकों को छात्रों की ओर से लिखी गई अजीबोगरीब गुहारें पढ़ने को मिली हैं। कई छात्रों ने पास होने के लिए भावनात्मक अपील करते हुए उत्तरपुस्तिका में तरह-तरह की बातें लिखीं, जिन्हें देखकर शिक्षक भी हैरान रह गए।
जानकारी के अनुसार, इस वर्ष हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी की कुल 2,66,173 उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा हो चुका है। कुछ कॉपियों में छात्रों ने सीधे पास करने की अपील करते हुए अपनी व्यक्तिगत परिस्थितियों का हवाला दिया।
ऐसे लगाई गुहार
• नीट की तैयारी कर रहा था, 12वीं के पेपर की तैयारी नहीं कर सका, इसलिए पास कर दें
• माता कैंसर पीड़ित है, दिन रात उनका ध्यान रखना पड़ता है, कैंसर पीड़ित मम्मी का दिल रखने के लिए पास कर दें।
• मेरी शादी तय हो चुकी है, गरीब बेटी की शादी न टूटे इसलिए 33 अंक देकर कन्या को आशीर्वाद देने की कृपा करें।
• हनुमान चालीसा लिखकर – हनुमानजी के अगर भक्त है तो पास करिए नहीं तो हनुमानजी के गुस्से का सामना करना पड़ेगा।
बोर्ड परीक्षा 2026 में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। हाईस्कूल में 3,23,687 और हायर सेकेंडरी में 2,46,862 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। दोनों ही कक्षाओं में छात्राओं की संख्या लड़कों से अधिक रही।





