CG News: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में धान उपार्जन केंद्र में धान में रेत मिलाकर हेराफेरी और गबन करने के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित निपनिया के धान खरीदी केंद्र प्रभारी को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।. प्राप्त जानकारी के अनुसार धान उपार्जन केंद्र निपनिया में उपार्जित धान के बोरों में रेत, कंकड़ और धूल-मिट्टी मिलाने से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद संयुक्त जांच दल ने 8 मार्च 2026 को मौके पर पहुंचकर जांच की और अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।. जांच में भौतिक सत्यापन के दौरान केंद्र में 137.20 क्विंटल धान अधिक पाया गया। प्रतिवेदन में यह भी सामने आया कि धान खरीदी प्रभारी लीलाराम सेन ने हमालों के माध्यम से लगभग 5300 कट्टों में 2 से 3 किलोग्राम रेत मिलाई थी। इसके बराबर करीब 132 क्विंटल धान को व्यक्तिगत लाभ के उद्देश्य से हेराफेरी कर गबन किया गया।. जांच प्रतिवेदन के आधार पर उपायुक्त सहकारिता ने धान खरीदी प्रभारी लीलाराम सेन को पदीय दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही का दोषी मानते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की। छत्तीसगढ़ सहकारी सोसायटी अधिनियम 1960 की धारा 55(1) के तहत कर्मचारी सेवा नियम 2018 के नियम क्रमांक 16 के अंतर्गत उन्हें सेवा से पृथक करने की अनुशंसा की गई। इसके बाद प्राधिकृत अधिकारी द्वारा धान उपार्जन केंद्र निपनिया के प्रभारी लीलाराम सेन को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।
CG News: धान में रेत मिलाकर हेराफेरी का मामला, धान खरीदी केंद्र प्रभारी बर्खास्त
By worldprime
On: मार्च 10, 2026 12:06 अपराह्न
---Advertisement---





