CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादलों की मौजूदगी बनी हुई है, जिसके चलते बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि, तापमान में आई इस बढ़ोतरी का ठंड पर कोई खास असर नहीं पड़ा है। मौसम विभाग के अनुसार विक्षोभ का असर खत्म होते ही एक बार फिर तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, माना में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 15.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। राज्य के अधिकांश इलाकों में रात के तापमान में 1 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में रात का पारा 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा है।

पिछले 24 घंटे में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान सुकमा में 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में 8.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सरगुजा संभाग के कई शहरों में तापमान में खास बदलाव नहीं देखा गया है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार जनवरी ठंड का प्रमुख महीना होता है और इसका असर फिलहाल बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते वातावरण में नमी बढ़ी है, जिससे बादल छाए हुए हैं और न्यूनतम तापमान में अस्थायी बढ़ोतरी हो रही है। विक्षोभ के समाप्त होने के बाद तापमान में फिर से गिरावट आएगी और ठंड का असर और बढ़ेगा।
अगले 24 घंटे के भीतर सरगुजा और बिलासपुर संभाग के इलाकों में कोहरा और घना धुंध छाए रहने की संभावना जताई गई है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम
राजधानी रायपुर में आज धुंध छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
item_sourceitem_content





