Raigarh Elephant Attack: छत्तीसगढ़ में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ (Dharamjaigarh Elephant Attack) वनमंडल के छाल रेंज से सामने आया है. जहां चुहकीमार ग्राम में एक जंगली हाथी के हमले से बुजुर्ग ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और हाथी मित्र दल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने में लग गए. (रायगढ़ हाथी हमला)

मृतक की पहचान 70 वर्षीय गंगाराम सारथी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, गंगाराम रोजाना की तरह सुबह करीब 10 बजे लकड़ी लेने के लिए जंगल गया हुआ था. दोपहर लगभग ढाई बजे के आसपास जंगल में उसका सामना एक विशालकाय हाथी (Raigarh Hathi Hamla) से हो गया. इससे पहले कि बुजुर्ग संभल पाता, हाथी ने उस पर हमला कर दिया और उसे कुचलकर मौत के घाट उतार दिया. फिलहाल वन विभाग ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और मुआवजे की आगे की कार्रवाई शुरू कर दी.












