Raipur News: राजधानी रायपुर के हीरापुर रोड स्थित मोहबा बाजार इलाके में संचालित ‘फास्ट क्राई इंटेलाइटोटस प्री-स्कूल और डे-केयर’ से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां स्कूल की आया द्वारा 3 साल की बच्ची के साथ मारपीट का आरोप लगा है। आरोप है कि आया ने बच्ची का सिर गेट पर पटक दिया, जिससे उसके सिर में सूजन आ गई। बच्ची को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिजनों का कहना है कि गणतंत्र दिवस थीम पर आयोजित कार्यक्रम में तय यूनिफॉर्म नहीं पहनने पर छोटे बच्चों को सजा दी गई। आरोप है कि कुछ बच्चों को एक कमरे में बंद कर दिया गया, जबकि अन्य बच्चों को कार्यक्रम में शामिल किया गया। मामले की शिकायत मिलने पर आमानाका पुलिस ने स्कूल स्टाफ के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस प्रकरण में आया माधुरी को प्रताड़ना और मारपीट का आरोपी बनाया गया है।

CCTV में कैद हुई घटना
शिकायतकर्ता अंकिता भार्गव ने पुलिस को बताया कि 23 जनवरी को बसंत पंचमी के दिन वह अपनी बेटी के साथ स्कूल गई थीं। पूजा कार्यक्रम के दौरान बच्ची को भूख लगने पर टिफिन कराया गया। इसके बाद आया माधुरी बच्ची को मुंह धुलाने ले गई। कुछ देर बाद बच्ची रोती हुई लौटी और उसके सिर में साफ सूजन दिख रही थी। आया ने हेयरबैंड गिरने की बात कही, लेकिन सीसीटीवी फुटेज देखने पर सामने आया कि बच्ची का सिर जानबूझकर दीवार या गेट से टकराया गया।
बच्ची ने अपनी मां को बताया कि स्कूल में रोज़ाना उसके हाथ, पैर या सिर किसी न किसी चीज से टकराए जाते हैं।
यूनिफॉर्म नहीं पहनने पर क्लास में बंद करने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में यूनिफॉर्म नहीं पहनने पर उनकी बेटी को क्लास में बंद कर दिया गया। अन्य अभिभावकों से बातचीत में भी सामने आया कि ड्रेस नहीं पहनने वाले बच्चों को कमरे में बंद रखा गया, जबकि यूनिफॉर्म पहनकर आए बच्चों को मैदान में कार्यक्रम में शामिल किया गया।
स्कूल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच
आमानाका पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की जा रही है। बच्चों की सुरक्षा, स्कूल के नियम और स्टाफ की कार्यप्रणाली को लेकर विस्तृत जांच कर वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी। निर्देश मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।











