CG Dhaba Video: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के हरेठी स्थित पापा ढाबा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में ढाबे का एक कर्मचारी पुरुष शौचालय के अंदर टॉयलेट सीट के पास प्लेट, कटोरी और अन्य बर्तन धोता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने वायरल वीडियो के आधार पर ढाबा संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा है।
ग्राहक ने बनाया वीडियो
जानकारी के अनुसार सक्ती नगर और आसपास के क्षेत्रों के लोग बड़ी संख्या में पापा ढाबा में भोजन करने पहुंचते हैं। इसी दौरान एक ग्राहक ने कर्मचारी को पुरुष शौचालय के भीतर बर्तन धोते हुए देखा। उसने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
ढाबा संचालक ने दी सफाई
ढाबा संचालक मुन्ना ठाकुर ने कहा कि जहां सामान्य रूप से बर्तन धोए जाते हैं, वहां निर्माण कार्य और ढलाई चल रही थी। इसी कारण कुछ समय के लिए दूसरी जगह बर्तन धोए जा रहे थे। उन्होंने कहा कि उसी दौरान किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
खाद्य विभाग की निगरानी पर उठे सवाल
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने खाद्य सुरक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि यदि ढाबों और रेस्टोरेंटों का नियमित और प्रभावी निरीक्षण किया जाए तो इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सकती है। उन्होंने जिले के अन्य ढाबों और भोजनालयों की भी जांच कराने की मांग की है।
3 दिन में मांगा जवाब
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी शांतनु भट्टाचार्य ने बताया कि जिले के सभी ढाबों और रेस्टोरेंटों का समय-समय पर निरीक्षण किया जाता है। जहां भी नियमों का उल्लंघन मिलता है, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो के आधार पर पापा ढाबा के संचालक को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं।



