Balod Accident: बालोद जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे का मामला सामने आया है, जहां तेज रफ्तार पिकअप वाहन पलटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। इनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा झलमला से रानीमाई मोड़ के पास हुआ। (बालोद पिकअप पलटने से मौत)
चौथिया कार्यक्रम में जा रहे थे लोग
जानकारी के अनुसार, धमतरी जिले के भानपुरी से यादव परिवार के लोग चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने डौंडी ब्लॉक के ग्राम ढोर्रीठेमा जा रहे थे। शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे तालगांव के आगे मोड़ पर पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में सुरेश यादव (45) की मौके पर ही मौत हो गई। (बालोद चौथिया जा रहे पिकअप पलटी)
35 से ज्यादा लोग थे सवार (Balod pickup accident)
घायलों के मुताबिक, पिकअप में 35 से अधिक लोग सवार थे। महिलाओं को पहले बस से भेजा गया था, जबकि बाकी लोग पिकअप से जा रहे थे। वाहन की तेज रफ्तार के कारण मोड़ पर संतुलन बिगड़ा और हादसा हो गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई लोग वाहन के नीचे और आसपास झाड़ियों में फंस गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
10 बच्चे थे सवार
पिकअप में 5 से 10 साल के करीब 10 बच्चे भी सवार थे। गनीमत रही कि सभी बच्चे सुरक्षित बच गए और उन्हें मामूली चोटें आईं।
नशे में था चालक (Balod pickup accident driver death)
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक उमाशंकर निर्मलकर शराब के नशे में था। यात्रियों ने उसे कई बार धीरे चलाने को कहा, लेकिन उसने रफ्तार कम नहीं की। मोड़ पर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन तीन महीने पहले ही खरीदी गई थी और चालक को ड्राइविंग का अनुभव भी कम था। पुलिस के अनुसार चालक ने बयान दिया है कि बाइक सवार को बचाने के दौरान वाहन अनियंत्रित हुआ।
पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और चालक का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। थाना प्रभारी के अनुसार जांच पूरी होने के बाद आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।


