Raigarh Murder: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेहरामार में जमीन विवाद के चलते एक वृद्ध महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस अंधे कत्ल का खुलासा महज चंद घंटों में कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका केवला बाई राठिया (वृद्ध) पिछले 4-5 दिनों से लापता थीं। 22 अप्रैल को उनके बेटे लोकनाथ राठिया ने थाना छाल में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने जमीन बंटवारे और बिक्री को लेकर चचेरे भाई आशन राठिया पर संदेह जताया था।![]()
जंगल में मिला सड़ा-गला शव
इसी बीच बेहरामार-जामपाली पगडंडी मार्ग के जंगल में दुर्गंध की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। झाड़ियों के बीच गड्ढे से एक सड़ा-गला शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान केवला बाई राठिया के रूप में हुई।
जमीन विवाद में हत्या
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि 18 अप्रैल को महुआ बीनने के दौरान आरोपी आशन राठिया ने जमीन बेचने के विवाद को लेकर केवला बाई पर हमला कर दिया। उसने हाथ-मुक्कों और लात-घूसों से उनकी हत्या कर दी।
शव को जंगल में फेंका
हत्या के बाद आरोपी ने शव को मोटरसाइकिल में लादकर जंगल के झुरमुट में ले जाकर गड्ढे में फेंक दिया, ताकि वारदात छुपाई जा सके।
पुलिस ने किया खुलासा
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
