छत्तीसगढ़ (बेमेतरा)। जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां दीवार ढहने से दो बच्चियों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है। यह मामला नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम राउरपुर का बताया जा रहा है। मृतक बच्चियों की पहचान वंशिका (11) और राधिका (7), पिता ओमप्रकाश कोशले के रूप में हुई है। घायल महिला की पहचान शशिकला के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चियां घर के आंगन में मौजूद थीं, तभी अचानक दीवार भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में वे और महिला आ गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पड़ोसियों ने तुरंत सभी को बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को रायपुर रेफर किया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
The post CG: दीवार ढहने से बड़ा हादसा, दो बच्चों की मौत, महिला घायल appeared first on News Today Chhattisgarh.