राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की 100वीं तिमाही बैठक रायपुर में संपन्न
मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की 100वीं तिमाही बैठक सफलतापूर्वक आयोजित की गई। इस बैठक में बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। शासन की जनहितकारी योजनाओं के तहत बैंक प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश बैंकर्स को दिए गए।
बैठक में राज्य स्तरीय लीड बैंक एवं अन्य बैंकों के लंबित ऋण प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही, राज्य के विभिन्न जिलों में बैंकिंग नेटवर्क की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने सभी जिलों में बैंकिंग सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में यह भी बताया गया कि राज्य का क्रेडिट-डिपॉजिट अनुपात अब राष्ट्रीय स्तर के समकक्ष पहुंच चुका है, जो राज्य की मजबूत बैंकिंग प्रगति का परिचायक है। बैंकर्स को डिजिटल लेन-देन के प्रति जनता में जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य सचिव श्री विकासशील ने उद्गम पोर्टल का उल्लेख करते हुए कहा कि विभिन्न बैंकों में कई वर्षों से जमा अप्रयुक्त राशि है, जिसका न तो खाताधारक ने और न ही उनके परिवार ने दावा किया है। इस राशि के प्रबंधन और उपयोग के लिए प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।











