Raipur Fraud: छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर में दोना-पत्तल बनाने की मशीन के नाम पर एक युवक से 2.95 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि मशीन, कच्चा माल और तैयार उत्पाद खरीदने का झांसा देकर रकम ली गई, लेकिन न मशीन दी गई और न ही कच्चा माल उपलब्ध कराया गया। मामले में डीडी नगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।. शिकायत के अनुसार, बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम सर्रा निवासी चंद्रहास वर्मा ने जनवरी 2026 में सामाजिक माध्यम पर दोना-पत्तल बनाने की मशीन से रोजगार और अच्छी आय का विज्ञापन देखा था। इसके बाद उन्होंने सरोना स्थित उड़ान मशीनरी के संचालक शैलेन्द्र कुमार रजक से संपर्क किया।. पीड़ित का आरोप है कि संचालक ने मशीन उपलब्ध कराने, कच्चा माल देने, तैयार दोना-पत्तल तय कीमत पर वापस खरीदने और मशीन खराब होने पर एक वर्ष तक निःशुल्क तकनीकी सहायता देने का भरोसा दिया। इन दावों पर विश्वास कर चंद्रहास वर्मा ने मशीन और कच्चे माल के लिए कुल 2.95 लाख रुपये जमा कर दिए।. आरोप है कि भुगतान के बाद न तो वादा किया गया कच्चा माल दिया गया और न ही तैयार उत्पाद की खरीद शुरू की गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि मशीन चलाने के करीब एक घंटे बाद ही खराब हो गई, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद कंपनी की ओर से कोई तकनीशियन नहीं भेजा गया।. पीड़ित का कहना है कि बाद में कंपनी संचालक ने फोन उठाना भी बंद कर दिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रोजगार और अधिक कमाई का लालच देकर योजनाबद्ध तरीके से ठगी की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Raipur Fraud: दोना-पत्तल मशीन के नाम पर ठगी, न मशीन मिली और न कच्चा माल
By worldprime
On: जून 29, 2026 6:11 अपराह्न
---Advertisement---