CG Ganja Smuggling: छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9.40 लाख रुपये मूल्य का अवैध गांजा जब्त किया है। पुलिस ने इमली की बोरियों की आड़ में गांजा तस्करी कर रहे दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई डोंगरीपाली थाना क्षेत्र में की गई।![]()
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक आयशर ट्रक में अवैध गांजे की खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर 29 जून को सुहेला-बरमकेला मुख्य मार्ग स्थित डोंगरीपाली मोड़ के पास घेराबंदी की गई। इस दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे आयशर ट्रक क्रमांक UP30 DT 5256 को रोककर उसकी जांच की गई।
इमली की बोरियों के नीचे मिला गांजा
तलाशी के दौरान ट्रक में लदी करीब 12 टन इमली की बोरियों के नीचे 94 किलो अवैध गांजा छिपाकर रखा गया था। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 9.40 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल किया गया ट्रक और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने झारखंड निवासी जगत मोदक और मध्यप्रदेश निवासी सुनील बर्मा को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

