Raipur News: राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने जल संरक्षण से जुड़े मामले में सख्त रुख अपनाते हुए रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम सहित 3 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियमों में खेल गतिविधियों पर अंतरिम रोक लगा दी है। भूजल के उपयोग से जुड़े मामलों में जारी नोटिस का जवाब नहीं देने पर यह कार्रवाई की गई है। अब राष्ट्रीय हरित अधिकरण की अनुमति के बिना इन स्टेडियमों में कोई भी खेल आयोजन नहीं हो सकेगा।![]()
इन स्टेडियमों पर लगी रोक
राष्ट्रीय हरित अधिकरण के अंतरिम आदेश के दायरे में रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, मुंबई का डॉ. डी.वाई. पाटिल स्टेडियम और जयपुर का सवाई मानसिंह स्टेडियम शामिल हैं। मामले की अगली सुनवाई 17 अगस्त को निर्धारित की गई है।
जल संरक्षण नियमों का पालन नहीं करने पर नाराजगी
राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने कहा कि देश के कई हिस्सों में गंभीर जल संकट की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में खेल परिसरों की जिम्मेदारी है कि वे जल संरक्षण से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन करें। स्टेडियमों में पानी के पुनर्चक्रण और वर्षा जल संचयन जैसी व्यवस्थाएं पर्याप्त रूप से विकसित नहीं किए जाने पर भी अधिकरण ने नाराजगी जताई है।
नोटिस का नहीं दिया गया जवाब
अधिकरण के अनुसार केंद्रीय भूजल प्राधिकरण और राष्ट्रीय हरित अधिकरण की ओर से कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन रायपुर, जयपुर और मुंबई के संबंधित स्टेडियमों ने अब तक अपना जवाब प्रस्तुत नहीं किया। इसी कारण उनके खिलाफ अंतरिम प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया।
पहले मांगी गई थी जानकारी
अप्रैल में राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने देश के छह प्रमुख क्रिकेट स्टेडियमों से मैदान और पिचों के रखरखाव में उपयोग किए जाने वाले पानी के स्रोत और जल प्रबंधन व्यवस्था की जानकारी मांगी थी। इनमें रायपुर, नई दिल्ली, लखनऊ, कटक, जयपुर और मुंबई के प्रमुख क्रिकेट स्टेडियम शामिल थे।
इनमें नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम और लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम ने अपना जवाब प्रस्तुत कर दिया है। वहीं कटक के बाराबती स्टेडियम ने जवाब दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा है।


