CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार एक बार फिर धीमी पड़ गई है। प्रदेश के मध्य क्षेत्रों में गर्मी और उमस बढ़ गई है, जबकि सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में बारिश का दौर जारी है। राजधानी रायपुर में रविवार को बारिश नहीं होने से लोगों को दिनभर गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार 13 जुलाई से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। अगले पांच दिनों तक उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।![]()
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान पेंड्रा रोड में सबसे अधिक 35.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
CG MLA Report Card: विधानसभा में सवाल नहीं पूछ पा रहे कई विधायक, आंकड़े देख रह जायेंगे हैरान
मौसम प्रणाली
मौसम विभाग के अनुसार समुद्र तल पर मानसून द्रोणिका श्रीगंगानगर, हिसार, मेरठ, शाहजहांपुर, गोरखपुर, मुजफ्फरपुर होते हुए दक्षिण असम तक फैली हुई है। वहीं उत्तर-पूर्व बिहार और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है।
अगले दो दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 13 जुलाई को रायपुर में दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

