Raipur Congress Padayatra: रायपुर के नकटी गांव में बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने बुधवार को राजभवन तक 14 किलोमीटर की पदयात्रा शुरू की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में शुरू हुई इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और प्रभावित ग्रामीण शामिल हुए। पैर में मोच आने के कारण दीपक बैज यात्रा के दौरान कार से आगे बढ़े।![]()
राजभवन पहुंचकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगा। इसमें नकटी गांव में हुई कार्रवाई का विरोध दर्ज कराने के साथ प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की जाएगी।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल
पदयात्रा में पूर्व विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा, अनिला भेड़िया, प्रमोद दुबे समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस का कहना है कि जब तक नकटी गांव के प्रभावित लोगों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
5 घंटे बंद रहेगी सर्विस रोड
पदयात्रा को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था लागू की है। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक श्रीराम मंदिर तिराहा (करेंसी टॉवर) से तेलीबांधा थाना तिराहा तक सर्विस रोड बंद रहेगी। इस दौरान महासमुंद से दुर्ग की ओर जाने वाले वाहन चालकों से मुख्य मार्ग का उपयोग करने और सर्विस रोड से बचने की अपील की गई है।
राज्यपाल से मिलने की तैयारी
कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने बताया कि रायपुर शहर और ग्रामीण जिला कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में यह पदयात्रा निकाली गई है। उन्होंने कहा कि नकटी गांव के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए राज्यपाल से मिलने का समय मांगा गया था, लेकिन समय नहीं मिलने पर कांग्रेस स्वयं राजभवन पहुंचकर ज्ञापन सौंपेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रभावित ग्रामीणों की आवाज बुलंद करने और उन्हें न्याय दिलाने के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।



