Ambikapur Doctor Video: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में नसबंदी ऑपरेशन के दौरान महिला मरीज को थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ऑपरेशन थियेटर में महिला डॉक्टर ने दर्द से परेशान मरीज को थप्पड़ जड़ दिया। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर विरोध प्रदर्शन किया और संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।. जानकारी के मुताबिक, शहर की एक महिला मंगलवार को नसबंदी कराने मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंची थी। ऑपरेशन के दौरान महिला को दर्द महसूस होने लगा। आरोप है कि जब उसने दर्द की शिकायत की और पैर हिलाया, तो ऑपरेशन कर रही महिला डॉक्टर ने उसे थप्पड़ मार दिया।. ऑपरेशन के बाद महिला ने पूरी घटना अपने पति और परिजनों को बताई। इसके बाद अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू हो गया। परिजनों का आरोप है कि बिना सही तरीके से एनेस्थिसिया दिए ऑपरेशन किया जा रहा था, जिससे महिला दर्द से तड़प रही थी।. पीड़ित महिला ने बताया कि नसबंदी के स्थान पर सुन्न करने की प्रक्रिया ठीक से नहीं हुई थी और उसे ऑपरेशन के दौरान दर्द महसूस हो रहा था। जब उसने डॉक्टर से इसकी शिकायत की तो डॉक्टर ने रूखे तरीके से बात की और बाद में थप्पड़ मार दिया।. महिला के पिता पुनील मंडल ने कहा कि डॉक्टरों का इस तरह का व्यवहार बेहद गलत है। उन्होंने कहा कि यदि डॉक्टर ही धैर्य खो देंगे तो मरीज कहां जाएंगे। परिजनों ने दोषी डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।. हंगामे की सूचना मिलने पर अस्पताल प्रबंधन और वरिष्ठ डॉक्टर मौके पर पहुंचे। अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों को समझाइश देते हुए मामले की जांच का भरोसा दिलाया।. सीनियर डॉक्टर जेके रेलवानी ने बताया कि शुरुआती तौर पर एनेस्थिसिया की डोज में कमी रह गई होगी, जिसके बाद दोबारा डोज दिया गया और ऑपरेशन पूरा किया गया। उन्होंने कहा कि मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार करने के निर्देश पहले से दिए गए हैं और मामले में संबंधित डॉक्टर से स्पष्टीकरण लिया जाएगा।
Ambikapur Doctor Video: ऑपरेशन थियेटर में डॉक्टर ने महिला को मारा थप्पड़, नसबंदी कराने आई महिला
By worldprime
On: मई 27, 2026 12:55 अपराह्न
---Advertisement---