Ambikapur Theft: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर के कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में हुई नल टोंटी चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। करीब 20 दिन पहले कांग्रेस भवन से 73 नलों की टोंटियां चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने शराब पीने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दिया था और लाखों रुपये कीमत की टोंटियों को कबाड़ में मात्र 600 रुपये में बेच दिया था।![]()
फर्श पर लिखा था I Love You
घटना 14 मई की रात की है, जब अज्ञात चोर कलेक्ट्रेट चौक स्थित राजीव भवन में घुस गए थे। चोरों ने बाथरूम और वॉश बेसिन में लगे 73 नलों की टोंटियां उखाड़ ली थीं। वारदात के बाद उन्होंने वॉशरूम के फर्श पर ‘I Love You’ लिख दिया था, जिससे यह मामला शहरभर में चर्चा का विषय बन गया था।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पकड़े आरोपी
चोरी की शिकायत कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कोतवाली थाने में दर्ज कराई थी। हालांकि कई दिनों तक पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी। इसी दौरान युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष विकास केसरी ने चौपाटी क्षेत्र में दो संदिग्ध युवकों को देखकर पूछताछ की।
शक होने पर उनसे कांग्रेस भवन में हुई चोरी के बारे में सवाल किए गए। पहले दोनों ने इनकार किया, लेकिन बाद में भागने की कोशिश करने लगे। इसके बाद उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ में दोनों युवकों ने कांग्रेस कार्यालय से नल टोंटियां चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपियों ने बताया कि चोरी का सामान उन्होंने जयस्तंभ चौक निवासी व्यवसायी श्याम अग्रवाल को बेच दिया था।
गिरफ्तार आरोपी
• शिव दास (19 वर्ष)
• विष्णु यादव (19 वर्ष)
• श्याम अग्रवाल (व्यवसायी)
कबाड़ खरीदने वाला कारोबारी भी गिरफ्तार
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले व्यवसायी श्याम अग्रवाल के खिलाफ भी मामला दर्ज किया। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
2 साल में तीसरी चोरी
राजीव भवन में पिछले दो वर्षों के दौरान यह तीसरी चोरी की घटना है। इससे पहले हुई दो चोरी के मामलों में आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि शुरुआती दौर में मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया, जिसके कारण जांच में देरी हुई।



