Balodabazar Video: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की एक महिला ब्रांच मैनेजर पर रिश्वत लेने का आरोप लगा है। निपनिया शाखा में पदस्थ मैनेजर अनिता पांडेय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें कथित तौर पर मृतक खाताधारक की राशि दिलाने के बदले पैसे लेते हुए दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। शिकायत के बाद प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।![]()
मृत पति के खाते से रकम निकालने पहुंची थी महिला
निपनिया गांव निवासी खेलन बाई सतनामी ने आरोप लगाया है कि उनके पति रूपदास सतनामी का करीब एक वर्ष पहले निधन हो गया था। उनके पति के बैंक खाते में लगभग 1 लाख 10 हजार रुपए जमा थे। खाते की राशि निकालने की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए जब वह बैंक पहुंचीं, तब ब्रांच मैनेजर ने कथित तौर पर 10 हजार रुपए की मांग की। महिला का आरोप है कि बाद में 5 हजार रुपए देने पर सहमति बनी और राशि का भुगतान किया गया।
VIDEO वायरल
बताया जा रहा है कि महिला के साथ आए एक ग्रामीण ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में बैंक मैनेजर महिला और उसके बेटे से बातचीत करती नजर आ रही हैं।
महिला ने इस मामले की शिकायत जनदर्शन में कलेक्टर से की है और वीडियो भी प्रशासन को सौंपा है। शिकायत में संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई और FIR दर्ज करने की मांग की गई है।
वीडियो में क्या दिख रहा है
वायरल वीडियो में बैंक मैनेजर मृतक खाताधारक के संबंध में जानकारी लेने के बाद दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाती दिखाई दे रही हैं। इसके बाद महिला के बेटे से पैसों के बारे में पूछती हैं। वीडियो में बेटे द्वारा 5 हजार रुपए होने की बात कहे जाने का दावा किया जा रहा है।
विधायक ने भी उठाए सवाल
भाटापारा विधायक इंद्र साव ने भी बैंक मैनेजर की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं। विधायक का कहना है कि क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों ने भी बैंक कार्यों के लिए रिश्वत मांगने की शिकायतें की हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश
बलौदाबाजार कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने शिकायत मिलने के बाद संबंधित विभाग के नोडल अधिकारी को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



