Bhilai Suicide: छत्तीसगढ़ के भिलाई निवासी 25 वर्षीय एआई इंजीनियर श्रेष्ठ मलिक की हरियाणा के गुरुग्राम में ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। उनका शव रेलवे ट्रैक पर दो हिस्सों में मिला। इसी मामले में पुलिस को एक युवती का शव भी कमरे से मिला है। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि युवती की हत्या के बाद श्रेष्ठ ने आत्महत्या की हो सकती है। हालांकि मामले की जांच अभी जारी है।![]()
श्रेष्ठ मलिक भिलाई के जामुल थाना क्षेत्र का रहने वाला था और गुरुग्राम के सेक्टर-59 स्थित एक निजी कंपनी में एआई इंजीनियर के रूप में कार्यरत था। उसी कंपनी में उत्तर प्रदेश के सीतापुर की रहने वाली इशाका भी नौकरी करती थी। पुलिस के अनुसार दोनों एक-दूसरे को जानते थे और घटना से कुछ दिन पहले इशाका श्रेष्ठ के साथ रहने लगी थी।
कमरे में मिला युवती का शव
पुलिस के अनुसार इशाका के परिजनों ने उससे संपर्क नहीं होने पर सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस गुरुग्राम के सेक्टर-55 स्थित कमरे में पहुंची। दरवाजा खोलने पर कमरे के अंदर इशाका का शव मिला। शुरुआती जांच में सामने आया कि उसकी धारदार हथियार से हमला कर हत्या की गई थी। मौके से साक्ष्य जुटाने के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को बुलाया गया।
रेलवे ट्रैक पर मिला शव
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 11 जुलाई को गुरुग्राम के रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिला था। मोबाइल फोन के आधार पर उसकी पहचान श्रेष्ठ मलिक के रूप में हुई। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई थी। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों ने हत्या के आरोपों पर जताया संदेह
श्रेष्ठ के पिता दीपक मलिक ने कहा कि उनका बेटा किसी की हत्या नहीं कर सकता। उन्होंने बताया कि घटना से पहले श्रेष्ठ ने अपने भाई को फोन कर कहा था कि एक लड़की उसे धमकी देकर गई है। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस दोनों के मोबाइल की कॉल डिटेल, पीजी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही दोनों के परिजनों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच के आधार पर एक आशंका बनी है, लेकिन अभी किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।

