CG Ganja Smuggling: छत्तीसगढ़ की महासमुंद पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल हुई है। बसना पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी सिंडिकेट के मुख्य सरगना और नशा माफिया विनय शर्मा उर्फ पंडित जी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर करोड़ों रुपये के गांजा कारोबार को संचालित करने का आरोप है।. केलों की आड़ में गांजा तस्करी. जानकारी के अनुसार 17 अप्रैल 2026 को बसना पुलिस ने पलसापाली बैरियर पर नाकाबंदी के दौरान एक आयशर मालवाहक वाहन को रोका था। जांच के दौरान वाहन में लदे कच्चे केलों के नीचे छिपाकर रखी गई 29 प्लास्टिक बोरियों से 912.760 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया था। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई है।. पुलिस ने मौके से वाहन के साथ चार फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की थीं। प्रारंभिक जांच में पता चला था कि गांजे की खेप ओडिशा के कंधमाल जिले से लोड कर उत्तर प्रदेश के शामली भेजी जा रही थी।. ये है मास्टरमाइंड. मामले की विवेचना के दौरान पहले से गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और मोबाइल फोन के तकनीकी विश्लेषण में यह स्पष्ट हुआ कि पूरे नेटवर्क का मुख्य रिसीवर और फाइनेंसर विनय शर्मा उर्फ पंडित जी है। इसके बाद बसना थाना की विशेष टीम उत्तर प्रदेश रवाना हुई और 17 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।. पुलिस के अनुसार शामली निवासी विनय शर्मा शराब, भांग और गांजा के अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ है। वह कई राज्यों में संचालित शराब ठेकों की आड़ में इस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क को संचालित कर रहा था।. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को उत्तर प्रदेश के शामली स्थित न्यायालय में पेश किया गया, जहां से ट्रांजिट रिमांड मंजूर किया गया। बसना पुलिस की टीम आरोपी को महासमुंद लेकर आ रही है। पुलिस को पूछताछ में इस नेटवर्क से जुड़े कई और अहम खुलासे होने की उम्मीद है।.
CG Ganja Smuggling: केलों की आड़ में गांजा तस्करी 4.56 करोड़ का माल जप्त; ये है मास्टरमाइंड
By worldprime
On: जून 20, 2026 11:56 पूर्वाह्न
---Advertisement---