CG Lightning Strike: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में तीन महिलाओं की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। वहीं मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न इलाकों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है।![]()
दंतेवाड़ा जिले के चंदेनार क्षेत्र में मंगलवार शाम आयोजित जात्रा (मेला) के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 12 ग्रामीण इसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बीजापुर जिले के उसूर विकासखंड अंतर्गत पेरमपल्ली गांव में मंगलवार शाम करीब 4 बजे घर के बाहर काम कर रही 50 वर्षीय कलमू मल्ली पर आकाशीय बिजली गिर गई। घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तेज आंधी-तूफान के कारण उसूर के थानापारा में पांच मकानों की छतें उड़ गईं, जिससे प्रभावित परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इधर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के भरतपुर विकासखंड स्थित चरखर गांव में डैम निर्माण कार्य के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला मजदूर की मौत हो गई। इस घटना में पांच अन्य महिलाएं घायल हुई हैं। बताया जा रहा है कि घटना के समय निर्माण स्थल पर करीब 58 मजदूर कार्य कर रहे थे।
अगले 5 दिन अंधड़-बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
तापमान में नहीं हुआ बड़ा बदलाव
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के तापमान में कोई विशेष परिवर्तन दर्ज नहीं किया गया। राजनांदगांव में सर्वाधिक 41 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं सुकमा जिले में 2 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
रायपुर में भी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रहने, गरज-चमक, धूलभरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।



