CG Lightning Strike: सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम नागम में शुक्रवार शाम बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हल्की बारिश के दौरान पेड़ के नीचे बैठे चार बच्चे आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। हादसे में दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो सगे भाई घायल हो गए। दोनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।![]()
पेड़ के नीचे बैठे थे 4 बच्चे
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 5 बजे ग्राम नागम में हल्की बारिश शुरू हुई। इसी दौरान चार बच्चे पेड़ के नीचे बैठे हुए थे। तभी अचानक तेज चमक के साथ पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में चारों बच्चे आ गए।
2 बच्चों की मौके पर मौत
हादसे में रंजीत पिता लोहरा नगेशिया (12) और रोशन पिता विजय नगेशिया (12) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं प्रभु राम पिता भीमसाय (11) और उसके सगे भाई दिनेश (13) गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार बच्चे पहले से ही पेड़ के नीचे मौजूद थे। हल्की बारिश शुरू होने के बाद भी वे वहीं रुके रहे, तभी आकाशीय बिजली गिरने से यह हादसा हो गया।
आज भी बारिश और आकाशीय बिजली की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी सरगुजा जिले के कई इलाकों में बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और असुरक्षित स्थानों पर रुकने से बचने की अपील की है।
