CG Murder: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम ढारा में एक छोटे भाई ने आपसी विवाद के चलते अपने बड़े भाई की गैती से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 25 वर्षीय प्रदीप साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने गुस्से में आकर बड़े भाई पर गैती से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
मौके पर ही मौत
हमले में प्रदीप साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त गैती भी जब्त कर ली गई है।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी छोटे भाई को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में दोनों भाइयों के बीच आपसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
