CG Murder: दुर्ग जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 55 वर्षीय लापता महिला का शव पुलगांव नाला के पास झाड़ियों में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका मानकर मामले की जांच कर रही है। शव मिलने के बाद पुलिस, क्राइम ब्रांच, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।![]()
शव पुलगांव नाला के पास रिलायंस पेट्रोल पंप के बगल से शिवनाथ नदी की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते के किनारे स्थित झाड़ियों में मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर शाम करीब 6 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की।
मृतका की पहचान ओम नगर, उरला निवासी भगवंतीन बाई साहू (55) के रूप में हुई है। उनके पति हिरऊ राम साहू का पहले ही निधन हो चुका था। वह अपनी बेटी रोशनी देशमुख और दामाद कृष्ण देशमुख के साथ रहती थीं तथा मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती थीं।
गुमशुदगी दर्ज होने के बाद मिला शव
परिजनों के अनुसार भगवंतीन बाई 16 जुलाई की शाम घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। काफी तलाश के बाद 17 जुलाई को सिटी कोतवाली थाना में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई। गुमशुदगी दर्ज होने के कुछ ही समय बाद पुलगांव क्षेत्र से उनका शव मिलने की सूचना मिली।
सिर पर चोट के निशान
भिलाई नगर सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि सिर पर हमला ही मौत का कारण हो सकता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी।
जांच जारी
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल और परिस्थितियों को देखते हुए मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी संभावना की पुष्टि केवल मेडिकल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी आवश्यक साक्ष्य जुटाकर जांच आगे बढ़ा रही है।
आखिरी बार तहसील कार्यालय के पास देखी गई थीं
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि 16 जुलाई की शाम महिला को दुर्ग तहसील कार्यालय के आसपास आखिरी बार देखा गया था। इसके बाद वह पुलगांव क्षेत्र तक कैसे पहुंचीं और उनके साथ क्या हुआ, इसका पता लगाने के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम जुटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलगांव थाना पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच, फॉरेंसिक साइंस लैब और डॉग स्क्वाड की टीम जांच में लगी हुई है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित कर वैज्ञानिक परीक्षण के लिए भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारण और अन्य तथ्यों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी किए जाएंगे।
