CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक महिला को उसके पति द्वारा जिंदा जलाने की कोशिश किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने पत्नी के चरित्र पर संदेह करते हुए उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। महिला गंभीर रूप से झुलस गई है और उसका अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया। मामला पचपेड़ी थाना क्षेत्र का है।![]()
सो रही पत्नी पर डाला पेट्रोल
जानकारी के अनुसार ग्राम रेलहा निवासी 45 वर्षीय महिला अपने पति और चार बच्चों के साथ रहती है। मंगलवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सो गए थे। महिला और उसका पति घर की परछी में सो रहे थे, जबकि बच्चे कमरे में थे।
आरोप है कि रात करीब 2:30 बजे पति उठा और बच्चों के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी। इसके बाद उसने सो रही पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
आग लगते ही महिला चीखने-चिल्लाने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर उसकी जान बचाई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से झुलसी महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में हालत बिगड़ने पर परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल महिला का बयान दर्ज किया है। महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। बुधवार देर शाम पुलिस को आरोपी के बलौदाबाजार जिले में होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम वहां पहुंची, लेकिन आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया।
शादी के 30 साल बाद भी करता था शक
पचपेड़ी थाना प्रभारी कमला पुसाम ने बताया कि महिला की शादी को लगभग 30 वर्ष हो चुके हैं। महिला की उम्र 45 वर्ष और उसके पति की उम्र 48 वर्ष बताई गई है। उनके तीन बेटियां और एक बेटा हैं। महिला के अनुसार उसका पति कई वर्षों से उसके चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती थी। मंगलवार रात भी इसी संदेह के चलते यह घटना हुई।

