CG News: कोण्डागांव जिले में एक दर्दनाक हादसे का मामला सामने आया है। गहरे नाले में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। दोनों बच्चों के शव बरामद होने के बाद गांव में मातम का माहौल है। घटना बड़ेडोगर थाना क्षेत्र के ग्राम कोटपाड की है।
जानकारी के अनुसार, 6 वर्षीय साजन पोयाम पिता केशव पोयाम और 7 वर्षीय ऋषभ पोयाम पिता तेजराज पोयाम बुधवार को गांव के नाले में नहाने गए थे। नहाने के दौरान दोनों चचेरे भाई नाले के गहरे गड्ढे में चले गए और डूब गए।
देर रात तक नहीं लौटे घर
शाम तक दोनों बच्चों के घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद ग्रामीणों के साथ मिलकर उनकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान नाले के किनारे बच्चों के कपड़े मिले, जिससे अनहोनी की आशंका बढ़ गई।
ग्रामीणों ने नाले में तलाश अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद रात करीब 8 बजे दोनों बच्चों के शव पानी से बाहर निकाले गए। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही बड़ेडोगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों बच्चों के शव परिजनों को सौंप दिए गए।पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।