CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर लगातार जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों में कहीं न कहीं बारिश दर्ज की गई, जबकि बिलासपुर संभाग के कुछ इलाकों में अत्यधिक वर्षा हुई। राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुककर हल्की बारिश होती रही। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से अगले पांच दिनों तक पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।![]()
शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान अंबिकापुर में 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा में 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
24 घंटे में यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों में सारंगढ़ में सबसे अधिक 14 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद लाल बहादुर नगर में 11 सेंटीमीटर, सरायपाली, बड़े बचेली और कुसमी में 10-10 सेंटीमीटर, चिरमिरी और डौंडीलोहारा में 9-9 सेंटीमीटर तथा सरसीवा में 8 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मर्री बंगला देवरी, हसीद, बारमकेला, मुंगेली, छुरिया, कुमर्दा, डोंगरगांव, लालपुर थाना, महासमुंद, सरिया, धनोरा, कोटाडोल, भटगांव और भानुप्रतापपुर में 6 से 7 सेंटीमीटर बारिश हुई। वहीं बालोद में 5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
इसके अलावा बिलाईगढ़, भोठिया, पाली, औंधी, अंबिकापुर, मालखरौदा, खड़गांव, अर्जुन्दा, सक्ती, कापू, मनेंद्रगढ़, प्रेमनगर, कटघोरा, भैरमगढ़, जनकपुर-भरतपुर, पिथौरा, कुटरू, गिधौरी टुंड्रा, छोटेडोंगर, लटोरी, बुलबुला, लाभांडीह, दंतेवाड़ा, कोहकामेटा, अंतागढ़, नारायणपुर, केल्हारी और पौड़ी उपरोड़ा सहित कई क्षेत्रों में 4 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश के अन्य कई इलाकों में 1 से 3 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई।
इन जिलों में यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, रायगढ़, दुर्ग और बेमेतरा जिलों के लिए अगले कुछ घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।
रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चल सकती है। रायपुर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।



